………………………………………………………………

 

25 अक्टूबर 2017 को संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, खराब समुद्री संपर्क छोटे और कमजोर देशों की अर्थव्यवस्थाओं को दुनिया के बाजारों तक पहुंचने में हो रही परेशानियों को जारी रखे हुए है। इस रिपोर्ट ने इन चुनौतियों का समाधान करने के लिए ट्रेडिंग सिस्टम और प्रक्रियाओं के लिए साक्ष्य-आधारित सुधार की आवश्यकता पर प्रकाश डाला है।

 

संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन (अंकटाड) की महासचिव मुखिसा कितुई ने कहा कि, “योजना और पूर्वानुमान काफी बेहतर हो सकते हैं यदि समुद्री परिवहन नेटवर्क पर डेटा को प्रासंगिक नीति प्रक्रियाओं में शामिल किया जाये, जैसे कि व्यापार सौदे और परिवहन बुनियादी ढांचा विकास योजनाओं पर वार्ता।”

 

अंकटाड रिव्यु ऑफ़ मेरीटाइम ट्रांसपोर्ट के अनुसार, स्थलसीमा से घिरे (लैंडलॉकड) विकासशील देशों, छोटे विकासशील द्वीप देशों और अल्प विकसित देशों के लिए पहुंच की कमी विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण है, जिस कारण यहाँ पर परिवहन सम्पर्क कम, अविश्वसनीय और महंगे हो सकते हैं। ये बाधाएं सबसे अच्छे और सबसे खराब तरह से जुड़े देशों के बीच खाई को भी बढ़ाती हैं। रिपोर्ट ने राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और महाद्वीपीय लाइनर शिपिंग सेवाओं के आपसी जुड़ाव पर जोर दिया है।

 

अंकटाड के शोध में यह भी पता चला है कि प्रत्येक पांच व्यापारिक-जोड़े वाले देशों में से चार में उन दोनों के बीच सीधा सम्पर्क नहीं है, जो उनके बीच कम व्यापार का प्रमुख कारण बनता है।

देशों के बीच आपसी सम्पर्क में सुधार करके सस्ते परिवहन को बढ़ावा दिया जा सकता है जोकि आगे जाकर आपसी व्यापार को भी बेहतर और सस्ता बनाएगा।

 

🔻 *संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन (अंकटाड):*

अंकटाड की स्थापना 30 दिसंबर, 1964 को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा पारित प्रस्ताव के अंतर्गत महासभा के लिए स्थायी अंग के रूप में हुई। इस संगठन की स्थापना के पीछे के कारण थे-विकसित और विकासशील देशों के मध्य बढ़ते हुए व्यापार अंतराल, गैट के विरुद्ध विकासशील देशों में व्याप्त असंतोष, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार एवं सहायता तथा अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के लिए एक नए संगठन की आवश्यकता।

 

अंकटाड का उद्देश्य अल्पविकसित देशों के त्वरित आर्थिक विकास हेतु अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को प्रोत्साहित करना, व्यापार एवं विकास नीतियों का निर्माण एवं क्रियान्वयन करना, व्यापार एवं विकास के संबंध में संयुक्त राष्ट्र परिवार की विभिन्न संस्थाओं के मध्य समन्वय की समीक्षा एवं संवर्द्धन करना तथा सरकारों एवं क्षेत्रीय आर्थिक समूहों की व्यापार तथा विकास नीतियों में सामंजस्य लाना हैं।

व्यापार एवं विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन का आयोजन प्रत्येक चार वर्षों में एक बार होता है लेकिन ‘व्यापार एवं विकास रिपोर्ट’, ‘विश्व निवेश रिपोर्ट’ तथा ‘अल्प विकसित देशों की रिपोर्ट’ वार्षिक स्तर पर जारी होते हैं |

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *